Spread the love

शिमला|पिछले 24 घंटो में प्रदेश में चार और कोरोना पाॅजिटिव मरीजों की मौत हो गई। चंबा जिले के चैरी मेहला की 66 वर्षीय संक्रमित महिला ने दम तोड़ दिया। इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (आईजीएमसी) में दो कोरोना पॉजिटिव मरीजों की मौत हो गई है।  दोनों मरीज शिमला के रहने वाले थे। एक  न्यू शिमला के रहने वाले 63 वर्षीय बुजुर्ग मरीज को 27 दिसंबर को डीडीयू अस्पताल से आईजीएमसी के लिए रेफर किया था। यह मरीज अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड में दाखिल था। लेकिन मंगलवार सुबह के वक्त मरीज की मौत हो गई। दूसरी ओर 70 साल की महिला को चार जनवरी को अस्पताल में दाखिल किया था। ढली की रहने वाली यह महिला उपचार के लिए आईजीएमसी आई थी। महिला को चिकित्सकों ने कोरोना संदिग्ध वार्ड में दाखिल किया था।

महिला को कोरोना वायरस, निमोनिया के अलावा डायबिटीज की समस्या भी थी। गंभीर स्थिति होने के चलते महिला की मौत हो गई।  वहीं, कोविड अस्पताल नेरचौक में जुफर चुराग के 65 वर्षीय कोरोना संक्रमित मरीज की मौत हो गई है। इसकी पुष्टि सीएमओ मंडी डॉ. देवेंद्र शर्मा ने की है। वहीं मंगलवार को प्रदेश में कोरोना वायरस के 100 नए मामले आए हैं।  कांगड़ा 27, चंबा 14, मंडी 12, सिरमौर 5, ऊना 4, बिलासपुर 2, सोलन 15, शिमला 16 और हमीरपुर में 5 नए मामले आए हैं। इसके साथ ही प्रदेश में कोरोना संक्रमितों का कुल आंकड़ा 55910 पहुंच गया है। करीब 1437 सक्रिय मामले हैं। अब तक 53487 से अधिक मरीज ठीक हो चुके हैं। 938 संक्रमितों की मौत हो चुकी है। 

कोरोना एक्टिव मामलों में आई कमी
हिमाचल प्रदेश में कोरोना से कुछ रहत मिली है। अब प्रदेश में 16 सौ से भी कम कोरोना एक्टिव मामले रह गए हैं। प्रदेश सरकार की ओर से लगाई गई बंदिशों से मामलों में कमी आई है। बीते महीने प्रदेश में जहां प्रतिदिन 500 और इससे भी अधिक मामले आते थे वहीं, अब इनकी संख्या 100 से कम आने लगी है। बीते सोमवार को प्रदेश के 84 लोगों में कोरोना की पुष्टि हुई है। हिमाचल में प्रतिदिन 8 हजार से ज्यादा लोगों की सैंपलिंग हो रही है। इससे भी अंदाजा लगाया जा रहा है कि लोग जागरूक हैं। सावधानियां बरतीं जा रही हैं। इससे मामलों में कमी आई है। स्वास्थ्य विभाग ने मंगलवार को सभी मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल, वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी और सीएमओ को निर्देश दिए हैं कि वह बीमारी के प्रति लापरवाही न बरतें।

सैंपल की संख्या बढ़ाने को कहा है। कम सैंपल होने पर जिला चिकित्सा अधिकारी पर कार्रवाई होगी। स्वास्थ्य सचिव अमिताभ अवस्थी ने बताया कि मामले भले ही कम आ रहे हों, सैंपल की संख्या नहीं घटेगी। जिला स्वास्थ्य अधिकारियों को बीमारी के प्रति सतर्क रहने को कहा है।

You missed