शिमला। पिछले 24 घंटो में हिमाचल प्रदेश में कोरोना के मामलों में एकदम से इजाफा हो गया है। शनिवार को प्रदेश में कोरोना के 96 नए मामले सामने आए हैं। वहीं प्रदेश के 2 लोगों की संक्रमण के चलते मौत हो गई है। इनमें ऊना जिला के तहत नारी चिंतपुर्णी से एक व्यक्ति की मौत टांडा मेडिकल कॉलेज में हुई। वहीं बंदला पालमपुर के एक व्यक्ति ने मोहाली में दम तोड़ा है। वहीं 96 कोरोना संक्रमितों में मंडी के 45, किन्नौर के 19, कांगड़ा के 14, शिमला के 7, सिरमौर के 4, सोलन व ऊना के 3-3 व बिलासपुर जिला का एक व्यक्ति शामिल है।मंडी जिला में सामने आए 45 मामलों में 41 टीचर भी शामिल हैं जोकि जिला के 5 स्कूलों में पॉजिटिव पाए गए हैं।
किन्नौर में सामने आए 19 मामले एक ही गांव से सामने आए हैं। वहीं कांगड़ा जिला में सामने आए 14 मामलों में से 12 मामले मैक्लोडगंज के वृद्ध आश्रम से पॉजिटिव आए हैं। प्रदेश में शनिवार को 52 कोरोना मरीज ठीक भी हुए हैं। इनमें सिरमौर के 16, कांगड़ा के 9, शिमला के 8, मंडी के 6, चम्बा के 5, कुल्लू के 3, हमीरपुर व ऊना के 2-2 और लाहौल-स्पीति का 1 व्यक्ति शामिल है। प्रदेश में अब कोरोना के एक्टिव केस 383 हो गए हैं।
