Spread the love

अमरीका और चीन के बीच जेनेवा में ट्रेड डील पर सहमति बन गई है। दोनों देशों ने टैरिफ में 115 फीसदी कटौती का ऐलान किया है। जिनेवा में दोनों देशों के बीच हुए समझौते के मुताबिक अमरीका, चीनी सामान पर 30 फीसदी टैरिफ लगाएगा। वहीं चीन, अमरीकी सामान पर 10 फीसदी टैरिफ लगाएगा। दोनों देशों के बीच टैरिफ में यह कटौती फिलहाल 90 दिन के लिए हुई है। जिनेवा में दो दिन की बातचीत के बाद दोनों देशों के बीच यह समझौता हुआ है। चीन के साथ चल रहे ट्रेड वॉर के बीच इसे राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की बड़ी जीत माना जा रहा है। व्हाइट हाउस ने 11 मई को एक बयान में चीन व्यापार समझौते की घोषणा की थी। हालांकि व्हाइट हाउस ने तब इसकी डिटेल नहीं दी थी।

चीनी उप-प्रधानमंत्री हे लीफेंग ने कहा था कि जिनेवा में सोमवार को एक ज्वाइंट स्टेटमेंट जारी किया जाएगा। वहीं, उप वाणिज्य मंत्री ली चेंगगैंग ने कहा कि इसमें दुनिया के लिए अच्छी खबर होगी। अमरीकी अधिकारियों ने इसे व्यापार घाटा कम करने के लिए एक डील बताया, जबकि चीनी अधिकारियों ने कहा कि दोनों पक्षों के बीच अहम सहमति बनी है और नए सिरे से आर्थिक बातचीत शुरू करने पर सहमति हुई है। पिछले महीने ट्रंप ने चीनी सामान पर 145 फीसदी टैरिफ लगा दिए थे, जिसके बदले चीन ने भी अमरीकी सामान पर 125 फीसदी तक का टैरिफ लगा दिया था, जिससे दुनिया की दो सबसे बड़ी अर्थव्यवस्थाओं के बीच सालाना 600 अरब डॉलर का व्यापार लगभग रुक गया था।

You missed